सोमवार, नवंबर 03, 2008 19:40s
क्योंकि हिमेश चापलूस नहीं है...
दोस्तो, हिमेश रेशमिया होने का मतलब क्या है .....आप कुछ जवाब दें उससे पहले मैं आपको बताता हूं। जो मैंने देखा, सुना और महसूस किया ,अगर उसे कसौटी मानूं तो जितने लोग हिमेश रेशमिया को पसंद करते हैं ,उससे ज्यादा उन्हें नापसंद करते हैं ....पिछले कुछ वक्त में मैंने एक बात और नोटिस की ...सर्वे चाहे किसी भी चीज का हो, अगर उसमें एक सवाल ये हो कि, वो कौन सा गाना है जिसे आप नहीं सुनना चाहेंगे -तो यकीन मानिए ज्यादातर जवाब आएंगे-हिमेश रेशमिया के गाने। वैसे हिमेश होने के कुछ और भी मतलब हैं - मसलन ,वो शख्स जिसे ,आशा भोंसले ने थप्पड़ मारने की बात कही थी....वो शख्स जिसकी गायकी पर हर वक्त ये कहकर सवाल उठाए गए -\'अरे ये तो नाक से गाता है\' ।....आज के दौर में हिमेश होने का शायद यही मतलब है...मेरी बातें सुनकर हो सकता है आप इनसे असहमति जताएं...लेकिन अगर आप ऐसा करते हैं तो आपकी तादाद, ऊंट के मुंह में जीरे से भी कम होगी ...
खैर, ये तो बात हुई हिमेश के विरोध की, वैसे ये विरोध क्यों है अगर इसका कोई तार्किक उत्तर विरोध करने वालों से पूछ लिया जाए तो उनके पास शब्दों की कमी पड़ जाएगी ...आगे बढ़ने से पहले मैं सिर्फ इतना बता दूं कि मैं न तो उनका विरोधी हूं और न उनका समर्थक ....दरअसल हुआ यूं कि पहली बार एक घंटे तक हिमेश का प्रोग्राम देखने को मिला...प्रोग्राम था न्यूज़ इंडस्ट्री का बेस्ट टॉक शो-जिंदगी लाइव ....आज से पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था कि मैंने हिमेश का कोई भी इंटरव्यू देखा हो....प्रोग्राम शुरू हुआ और शुरुआत में ही जिंदगी लाइव की होस्ट रिचा अनिरुद्ध ने उनके बारे में एक ऐसी बात कही कि फिर पूरा कार्यक्रम देखता ही रहा। रिचा ने कहा -आप चाहे हिमेश से नफरत करें या उन्हें पसंद करें लेकिन आप उन्हें अनदेखा नहीं कर सकते।
सचमुच , यहां यह सवाल बड़ा ही अहम है कि आखिर हिमेश में ऐसा क्या है कि कोई भी उन्हें अनदेखा नहीं कर सकता। वैसे जवाब इस सवाल में ही छिपा है। आप जरा दिमाग पर जोर डालिए और मुझे बताइए कि अगर टीवी के लोकप्रिय शो सारे गा मा पा से हिमेश को हटा दिया जाए तो क्या होगा -शायद मुझे जवाब देने की जरूरत नहीं है। सोचिए भला ऐसा कैसे मुमकिन है कि जिसे सब गाली ( यहां मैं जानबूझ कर गाली शब्द इस्तेमाल कर रहा हूं क्योंकि उनके खिलाफ नफरत ,शायद व्यक्तिगत स्तर पर है ) देते हों उसकी लोकप्रियता बेहद ज्यादा हो। भला ऐसा कैसे मुमकिन है कि जिसके बारे में हमेशा ये कहा जाए कि ये तो नाक से गाता है उसके एलबम सबसे ज्यादा बिकते हों -न सिर्फ एलबम बिकते हों बल्कि उसका करीब-करीब हर गाना लोगों की जुबां पर चढ़ जाता हो। जिसका हर गाना म्यूजिक चार्ट्स में अव्वल रहता हो। जिस शख्स को आशा जी ने कभी थप्पड़ मारने की बात कही थी वही जिंदगी लाइव में हिमेश के बारे में कहती हैं - अमेरिका में एक शो में लोगों की मांग पर मैंने हिमेश का गाना गाया....इतना ही नहीं, उन्होंने यहां तक कहा कि विदेश में जाकर उन्हें एहसास हुआ कि हिमेश कितने बड़े गायक हैं।
बात सिर्फ यहीं खत्म नहीं होती। मेरी नजर में हिमेश उस शख्स का नाम है जो नदी के साथ नहीं ,धारा के विपरीत तैरने में यकीन रखता है। अब देखिए न, अचानक ही साधारण चेहरे वाला एक गायक -संगीतकार जो हर वक्त सिर पर टोपी लगाकर रखता है, फैसला करता है कि वो फिल्मों में अभिनय करेगा। नई पारी की शुरुआत होगी बतौर हीरो, और कमाल की बात ये कि ये पारी भी इतिहास दोहराती है और पहली ही फिल्म आपका सुरूर हिट -दूसरी फिल्म कर्ज को भी अच्छी ओपनिंग। क्या कुछ और कहने की जरुरत है?
चलिए अब बात करते हैं हिमेश के व्यक्तित्व की कुछ और बातों की - हिमेश के अलावा क्या आपको किसी और संगीतकार का नाम याद आता है जो संगीत के रिएलिटी शो में सिर्फ जज बनकर ही नहीं जाता बल्कि शो के दौरान उन्हें प्रोत्साहित करता है कि किसी की कॉपी करने की कोशिश मत करो ...अपना खुद का स्टाइल बनाओ...क्योंकि नकल में तुम कब गुम हो जाओगे पता ही नहीं चलेगा...क्योंकि तुम्हारा अपना स्टाइल ही तुम्हें तरक्की के रास्ते पर ले जाएगा ....क्योंकि तुम्हारे अपने स्टाइल से ही तुम्हारे घर में रोटी आएगी। सोचिए और बताइए मुझे किस फिल्मी हस्ती में इतनी हिम्मत है जो इतनी साफगोई से बातें करे।
अपनी बात खत्म करने से पहले एक बात और ....आप फिल्म इंडस्ट्री में किसी से भी पूछिए...क्या कंट्रोवर्सीज से दुख होता है - हर कोई कहता है -मुझे फर्क नहीं पड़ता। लेकिन ये हिम्मत भी शायद हिमेश में ही हो सकती है कि वो सरेआम ये कुबूल करते हैं - मैं शायद घमंडी हो गया था जो मैंने आर डी बर्मन के बारे में कुछ कह दिया ...वो मेरी गलती थी। ये कुव्वत भी शायद हिमेश में ही है जो वो ये कुबूल करते हैं कि हां, कंट्रोवर्सीज से दुख होता है...और जानते हैं हिमेश में ये हिम्मत क्यों है...क्योंकि हिमेश चापलूस नहीं है।