शाबाश! दूधवाले ने लौटाए 3 लाख रुपये

बैग में 1000 रुपये के नोटों के बंडलों के अलावा कुछ चाभियां और पहचान पत्र था।
मोहाली । मनप्रीत सिंह नाम के एक दूधिए ने ईमानदारी की मिसाल कायम करते हुए बुधवार को 300,000 रुपयों से भरा एक बैग पुलिस को लौटा दिया, जहां से वह उसके मालिक के पास पहुंच गया।
मामले की जांच करने वाले पुलिस अधिकारी देवेंदर सिंह ने बताया कि मनप्रीत मोहाली जिले के कठकपुर गांव के निवासी हैं। बुधवार को वे हमारे पास नोटों से भरे एक बैग के साथ आए। बैग में 1000 रुपये के नोटों के बंडलों के अलावा कुछ चाभियां और पहचान पत्र था।
पुलिस के मुताबिक पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद उसने वह बैग उसके मालिक को लौटा दिया। सेक्टर-71 में रहने वाले एक व्यक्ति ने वह बैग अपनी कार की छत पर रखा था, जहां से वह गिर गया था।
मनप्रीत ने कहा कि मैं रोजाना की तरह दूध बेचने जा रहा था। सेक्टर-71 के पास मैंने सड़क पर एक काले रंग का बैग गिरा हुआ देखा। शक होने पर मैं उसके पास गया तो मेरी आंखें फटीं रह गईं। वह बैग रुपयों से भरा था। मैंने वह बैग पुलिस को दे दिया, जहां से वह उससे मालिक के पास पहुंच गया।
मनप्रीत ने बताया कि बैग के मालिक ने उन्हें दो हजार रुपये बतौर इनाम देने की कोशिश की लेकिन उन्हें इनकार कर दिया। मनप्रीत ने कहा कि जिस व्यक्ति का बैग था, वह मुझे दो हजार रुपये दे रहा था लेकिन मैंने सिर्फ एक हजार रुपये लिए क्योंकि पूरी प्रक्रिया के दौरान इतनी कीमत का मेरा दूध बर्बाद हो गया था।

























