बीजेपी उम्मीदवार ने जोश में खोया होश
Tue, Nov 18, 2008 at 20:27 , Updated at Tue, Nov 18, 2008 सिटी खबरें सेक्शन
टैग: election,bjp,flag | 0 कमेंट्स
धौलपुर। धौलपुर से बीजेपी के उम्मीदवार शिवराज कुशवाहा मुश्किल में फंस गए हैं। एक बार विधायक रह चुके शिवराज जब नामांकन के लिए गए तो जोश में होश खो बैठे और चुनाव आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाईं। मामला सामने आया तो चुनाव आयोग की भौहें तन गईं और नेता जी को थमा दिए गए तीन-तीन नोटिस।
दरअसल शिवराज के निर्वाचन क्षेत्र में एसडीएम के दफ्तर पर जहां 15 अगस्त और 26 जनवरी को राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है वहां आए उनके समर्थकों ने यहां बीजेपी का झंडा लगा दिया। इस परिसर में एसडीएम के दफ्तर के अलावा मुंसिफ कोर्ट, तहसीलदार का दफ्तर, दो सरकारी विद्यालय भी है और इसके ठीक बगल में थाना भी बना है।
शिवराज के समर्थक पर्चा भरने के दौरान पूरे दमखम के साथ बंदूक भी साथ में लेकर आए थे। वे भूल गए कि वो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने उनके खिलाफ आरोप तय किए हैं कि उन्होंने सरकारी इमारत में पार्टी का झंडा लगाया, पर्चा भरने के दौरान हथियार के साथ पहुंचे और निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के पास समर्थकों को संबोधित किया।
इस बारे में बीजेपी महासचिव अरुण जेटली का कहना है कि नियम-कायदों का ख्याल हर प्रत्याशी को रखना चाहिए भले ही वह किसी भी पार्टी का क्यों न हो।
शिवराज कुशवाहा धौलपुर से एक बार चुनाव जीत चुके हैं लेकिन पिछली बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बार उन्होंने जो तरीका अपनाया उससे तो उनका नामांकन भी खारिज किया जा सकता है।



























