अल कायदा को उखाड़ फेंकना प्राथमिकता: ओबामा

ओबामा ने कहा, 'ओसामा और अल कायदा का सफाया मेरे लिए अहम।'
न्यूयार्क। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि अगले वर्ष जनवरी में व्हाइट हाउस पहुंचने के बाद अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी संगठन अल कायदा को उखाड़ फेंकना और इसके सरगना ओसामा बिन लादेन को पकड़ना उनकी प्राथमिकता होगी।
अमेरिकी समाचार चैनल 'सीबीएस न्यूज' को दिए साक्षात्कार में ओबामा ने कहा, "मेरा मानना है कि अल कायदा को हमेशा के लिए उखाड़ फेंकना हमारी प्राथमिकता होगी। ओसामा को पकड़ना या फिर उसका सफाया करना अल कायदा को उखाड़ फेंकने की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। "
एक सवाल के जवाब में ओबामा ने कहा कि ओसामा दुनिया का सबसे वांछित आतंकवादी है। उन्होंने कहा कि ओसामा उस आतंकवादी संगठन का सरगना है जो अमेरिका पर हमले की साजिश रच रहा है।
ओबामा ने कहा कि व्हाइट हाउस पहुंचने के बाद वे इराक से अमेरिकी सैनिकों को हटाने के लिए भी कदम उठाएंगे। दरअसल राष्ट्रपति चुनाव के दौरान उन्होंने इस संबंध में वादा किया था।

























