लक्ष्मी मित्तल को पछाड़ मुकेश अंबानी बने सबसे धनी भारतीय

40 सबसे अमीर भारतीयों की सूची में लक्ष्मी निवास मित्तल को दूसरे स्थान पर धकेल दिया है।
नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी ने 'फोर्ब्स एशिया' नामक पत्रिका द्वारा गुरुवार को जारी 40 सबसे अमीर भारतीयों की सूची में लक्ष्मी निवास मित्तल को दूसरे स्थान पर धकेल दिया है।
मौजूदा वित्तीय संकट के कारण शेयरों और परिसंपत्तियों की कीमत में आई गिरावट के कारण विश्व की सबसे बड़ी इस्पात निर्माता कंपनी आर्सेलरमित्तल के मालिक मित्तल को अपना स्थान गंवाना पड़ा। अनिल अंबानी को सूची में तीसरा स्थान दिया गया है।
पत्रिका के अनुसार पिछले 12 महीनों के दौरान देश के शेयर बाजारों में 48 फीसदी की गिरावट आई है। डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमतें 24 फीसदी गिरी हैं और सकल घरेलू उत्पाद की विकास दर के गिरकर 7.5 फीसदी हो जाने का अनुमान है।
पत्रिका ने कहा कि इससे देश के 40 सबसे रईस उद्योगपतियों की संपत्ति में 60 फीसदी की कमी आई और यह पिछले वर्ष के 351 अरब डॉलर से घटकर इस वर्ष 139 अरब डॉलर पर आ गई।

























