गिरजाघर को अब शराब का सहारा

भक्तों की तादाद बढ़ाने के लिए एक गिरजाघर ने शराब का सहारा लेने का फैसला किया।
लंदन। शराब और श्रद्धा का मेल अमूमन कम ही सुनने और देखने को मिलता है। लेकिन अब सात समुंदर पार ब्रिटेन में भक्तों की तादाद बढ़ाने के लिए एक गिरजाघर ने शराब का सहारा लेने का फैसला किया है।
बर्मिघम शहर में स्थित एक गिरजाघर भक्तों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए शहर में शराब घर खोलने की तैयारी में है। इस गिरजाघर ने पहले बाजार सर्वेक्षण करवाया और पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद शहर में भक्तों लिए शराब परोसने का निर्णय लिया।
गिरजाघर ने इसके लिए तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। उसने 'जॉन लेविस' डिपार्टमेंट स्टोर के पूर्व कर्मचारी मार्क होप-अर्विन को निदेशक के पद पर नियुक्त किया है।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' के हवाले से गिरजाघर ने शराब घर को लेकर भावी योजनाएं भी सामने रखी हैं। इसके तहत शहर में एक नहीं, बल्कि कई शराब घर खोले जाएंगे और नियमित भक्तों के लिए लायल्टी कार्ड जारी किए जाएंगे, जिससे उनको शराब घरों में छूट मिल सकेगी।
होप-अर्विन के अनुसार गिरजाघर का मकसद शराब को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि क्षेत्र के ज्यादा से ज्यादा लोगों को गिरजाघर के साथ जोड़ना है।

























