नेपाल: पारस का दाऊद से संबंधों से इनकार

पारस ने दाऊद के साथ मीडिया की रिपोर्टों का खंडन किया।
काठमांडू। सिंगापुर की यात्रा से इस सप्ताह स्वदेश लौटने वाले नेपाल के पूर्व युवराज पारस ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी सरगना दाऊद इब्राहिम के साथ संबंध होने संबंधी भारतीय मीडिया की रिपोर्टों का खंडन किया है।
समाचार पत्र 'रिपब्लिका डेली' के अनुसार 38 वर्षीय पूर्व युवराज ने बुधवार को एक बयान जारी कर इन मीडिया रिपोर्टों को गलत और दुर्भावनापूर्ण करार दिया। बहरहाल नेपाल के प्रमुख समाचार माध्यमों ने इसकी अनदेखी की। नेपाल के प्रमुख समाचार माध्यमों ने भारतीय मीडिया की रिपोर्टों की भी अनदेखी की थी।
पारस ने आशा जताई कि ऐसी मानहानि से सरकार नेपाली लोगों सहित उसके अधिकारों की रक्षा करेगी। बहरहाल नेपाली सरकार ने संकेत दिया है कि वह इस विवाद में उलझना नहीं चाहती।
विदेश मंत्री सुजाता कोइराला कह चुकी हैं कि पूर्व शाही परिवार के सदस्य अब आम नागरिक हैं और उन पर लगे आरोपों का खंडन करना सरकार का नहीं उनका काम है।
प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल के मीडिया सलाहकार बिष्णु रिजाल ने कहा कि सरकार पारस और उसके पिता पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र से जुड़े मामलों में कोई टिप्पणी नहीं करेगी क्योंकि दोनों विवादास्पद व्यक्ति हैं।


























