सीवान जिले से स्वर्ण व्यवसायी का अपहरण
Sat, Jul 04, 2009 at 13:17 , Updated at Sat, Jul 04, 2009 सिटी खबरें सेक्शन
टैग: seevan, kidnep, goldsmith | 0 कमेंट्स

अपहरण की सूचना स्वर्णकार के मोबाइल से ही उनके परिजनों को अज्ञात लोगों ने दी।
पटना। बिहार के सीवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र से शुक्रवार देर रात एक स्वर्ण व्यवसायी का कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया।
सीवान के पुलिस उपाधीक्षक अशोक सिन्हा ने शनिवार को बताया कि स्वर्ण व्यवसायी पारसनाथ स्वर्णकार का पुत्र 30 वर्षीय गुड्डू स्वर्णकार कसौंदी गांव से एक समारोह में शामिल होकर घर नौतन लौट रहे थे तभी रास्ते से उनका अज्ञात लोगों द्वारा अपहरण कर लिया गया। अपहरण की सूचना गुड्डू स्वर्णकार के मोबाइल से ही उनके परिजनों को अज्ञात लोगों ने दी।
उन्होंने बताया कि गुड्ड के परिजनों के मुताबिक अब तक अपहर्ताओं द्वारा किसी प्रकार की फिरौती की मांग नहीं की गई है। पारसनाथ स्वर्णकार का नौतन बाजार व कसौंदी दोनों जगह पर स्वर्ण आभूषणों की दुकान है।
उधर, गुड्डू के भाई सुरेन्द्र स्वर्णकार द्वारा नौतन थाना में इस मामले की एक प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।



























