भारतीय युवा खिलाड़ियों में दम नहीं: मियांदाद
Fri, Jul 03, 2009 at 19:17 , Updated at Fri, Jul 03, 2009 खेल सेक्शन
टैग: Miyadad, india, Cricketor | 0 कमेंट्स

मियांदाद ने कहा कि भारत के युवा बल्लेबाजों में तो टेस्ट क्रिकेट खेलने की क्षमता ही नहीं है।
नई दिल्ली। भले ही महेन्द्र सिंह धोनी की नेतृत्व वाली भारतीय टीम पूरी दुनिया में अपने प्रदर्शन के झंडे गाड़ चुकी हो, लेकिन पूर्व पाकिस्तानी कप्तान जावेद मियांदाद ने भारतीय युवा खिलाड़ियों की क्षमता पर ही सवाल उठा दिए हैं। मियांदाद ने भारत के मजूबत बल्लेबाजी क्रम की दक्षता पर ही सवाल उठाते हुए कहा कि वहां के युवा बल्लेबाजों में तो टेस्ट क्रिकेट खेलने की क्षमता ही नहीं है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने खेल वेबसाइट से कहा कि यूसुफ पठान, सुरेश रैना और रोहित शर्मा जैसे बल्लेबाज तो 20-20 क्रिकेट के लिए जबर्दस्त हैं लेकिन उन्हें टेस्ट तथा एकदिवसीय क्रिकेट के अनुकूल ढलने के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी है।
मियांदाद ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि ये बल्लेबाज शानदार प्रतिभा के धनी हैं लेकिन मेरा मानना है कि टीम को इनकी कमजोरियों को खोजकर दूर करना होगा। इसके अलावा यह कहने के लिए मैं माफी मांगता हूं लेकिन यह सच है कि भारतीय टीम में अभी मैं किसी योग्य प्रतिभा नहीं देख रहा हूं।
उन्होंने कहा कि जब आप धुआंधार 20-20 और एकदिवसीय क्रिकेट खेलते हैं तो आप टेस्ट क्रिकेट की तकनीक, कला और सही बल्लेबाज बनने की क्षमता खो देते हैं। दुनिया के ज्यादातर महान बल्लेबाजों ने टेस्ट क्रिकेट को सबसे ज्यादा तरजीह दी थी और वे क्रिकेट के किसी अन्य संस्करण की तुलना टेस्ट क्रिकेट खेलने में ज्यादा रुचि दिखाते थे।
मियांदाद ने कहा कि भारत में कुछ ऐसे बल्लेबाज हुए हैं जिनका दुनिया में नाम है। इन सभी बल्लेबाजों ने टेस्ट में अपना झंडा गाड़ा। उन्होंने कहा कि भारत ने विजय हजारे, सुनील गावस्कर, गुंडप्पा विश्वनाथ , सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ जैसे महान बल्लेबाजों को दुनिया के सामने पेश किया। ऐसे में टीम में शामिल भारतीय युवा खिलाड़ी इस महान परंपरा को निभाते नजर नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने भारतीय क्रिकेट के गिर रहे इस स्तर का ठीकरा आईपीएल और इसी तरह के अन्य 20-20 क्रिकेट टूर्नामेंट पर फोड़ा। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के इस फटाफट संस्करण के कारण खिलाड़ियों की टेस्ट क्रिकेट खेलने की क्षमता ही खत्म हो गई।
खेल की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।




























