मुरैना में मतदान को दौरान झड़पें, दो घायल
Thu, Apr 30, 2009 at 19:13 , Updated at Thu, Apr 30, 2009 सिटी खबरें सेक्शन
टैग: Bjp, Bsp, Firing | 0 कमेंट्स
मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना संसदीय क्षेत्र के अम्बाह, सुमावली और दिमनी विधानसभा क्षेत्रों के कुछ मतदान केंद्रों पर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और बूथ पर कब्जा करने की कोशिशों के दौरान हुई फायरिंग में दो लोग घायल हो गए।
सुमावली विधानसभा क्षेत्र के कासपुरा मतदान केंद्र पर भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में बीएसपी समर्थकों की ओर से चली गोली से बीजेपी के मतदान एजेंट सरनाम सिंह सिकरवार घायल हो गए। सिकरवार को मुरैना के जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
इसी विधानसभा क्षेत्र के गुडाचंबल गांव में कथित रूप से बीएसपी के समर्थकों ने सूबेदार सिंह नामक व्यक्ति को गोली मार दी। सूबेदार को उपचार के लिए ग्वालियर भेजा गया है। आरोपियों ने परिवार के दो अन्य सदस्यों पर भी धारदार हथियार और लाठी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
इसी संसदीय क्षेत्र के अम्बाह विधानसभा क्षेत्र के सबसुखकापुरा मतदान केंद्र पर उपद्रवियों की कब्जा करने की कोशिश को विफल करने के लिए पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। गोली लगने से जख्मी विश्वनाथ सिंह तोमर को मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुरैना के ही दिमनी विधानसभा क्षेत्र के किशनपुर, कीरतपुर मतदान केंद्रों पर पुलिस और उपद्रवियों के बीच फायरिंग होने की खबर मिली है। पुलिस ने यहां मतदान केंद्र पर कब्जा करने की उपद्रवियों की मंशा को नाकाम कर दिया।



























